चिंतन शिविर एवं डायलॉग ऑन विजन 2047: सीएम बोले, विकसित भारत के लक्ष्य में अहम भूमिका निभाएगा उत्तराखंड का विजन
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि विकसित भारत का लक्ष्य प्राप्त करने में उत्तराखंड का विजन अहम भूमिका निभाएगा। 2047 तक भारत को पूर्ण विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प तभी साकार हो सकता है जब देश का प्रत्येक राज्य समान रूप से विकसित हो। इसके लिए उत्तराखंड को भी अपने संसाधनों, क्षमताओं व विशिष्टताओं के अनुरूप विकास की दीर्घकालिक दिशा तय करनी होगी।
शुक्रवार को सिविल सर्विसेस इंस्टीट्यूट में दो दिवसीय चिंतन शिविर एवं डायलाॅग ऑन विजन 2047 के शुभारंभ पर मुख्यमंत्री ने राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों को संबोधित किया। कहा कि इस दो दिवसीय शिविर के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प के अनुसार 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के लिए ठोस, व्यवहारिक व समयबद्ध रणनीति तैयार की जाएगी। प्रधानमंत्री के विकसित भारत का संकल्प किसी एक सरकार, किसी एक कार्यकाल या किसी एक योजना तक सीमित नहीं है, बल्कि ये एक ऐसा व्यापक और दीर्घकालिक राष्ट्रीय दृष्टिकोण है।
