उत्तर प्रदेश खबरें

अखिलेश ने किया वादा: सपा की सरकार आई तो आईटी सेक्टर में देंगे 22 लाख नौकरियां

समाजवादी पार्टी (सपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने रविवार को मैनपुरी के करहल विधानसभा क्षेत्र के नरसिंह इंटर कॉलेज में जनसभा को संबोधित किया। करहल सीट से नामांकन करने के बाद अखिलेश यादव दूसरी बार यहां पहुंचे। जनसभा को संबोधित करते हुए उन्होंने भाजपा पर जमकर निशाना साधा और जनता से कई वादे किए।

अखिलेश यादव ने कहा कि इस बार जनता के उत्साह के सामने भारतीय जनता पार्टी का ट्रांसफार्मर उड़ जाएगा। किसान से लेकर नौजवान तक सभी भारतीय जनता पार्टी को उत्तर प्रदेश से हटाने के लिए तैयार हैं। हमारे किसान भाइयों को खाद नहीं मिली, अगर खाद मिल भी गई होगी तो आपने देखा होगा कि बोरी में से खाद की चोरी हो गई। सपा मुखिया ने कहा कि इस चुनाव का सबसे बड़ा अगर कार्यक्रम कहीं हो रहा है तो करहल विधानसभा में हो रहा है। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार आने पर आईटी के सेक्टर में 22 लाख नौजवानों को नौकरी देने का काम करेंगे। टीईटी, बीएड, आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं, रोजगार सेवकों की सरकार बनने पर मदद की जाएगी।

करहल की जनता से वोट मांगने आया हूं- अखिलेश
अखिलेश यादव ने कहा कि वह पूरे प्रदेश में सपा के लिए वोट मांग रहे हैं। कहीं ऐसा न हो कि इसी में उलझकर वह अपने लिए वोट ही न मांग पाएं। इसलिए वह करहल की जनता से वोट मांगने आए हैं। उन्होंने कहा कि करहल की जनता ने हमेशा ही समाजवादी पार्टी को जिताने का काम किया है, इस बार भी जनता यही करेगी। उन्होंने सपा से रूठे और नाराज चल रहे लोगों को मनाने के लिए सपा कार्यकर्ताओं से अपील की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में सबसे बड़ी जीत तभी संभव है जब सब एक साथ हों। उन्होंने कम से एक बार नाराज लोगों के पास जाकर समर्थन मांगने की अपील की। वहीं अपनी बात को दोहराते हुए उन्होंने करहल के जैन इंटर कॉलेज को विश्वविद्यालय बनाने और नरसिंह इंटर कॉलेज के उच्चीकरण की बात कही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *